Tuesday, October 20th, 2026

पशुपालन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी को एनडीए की तरफ से बनाया विधान परिषद का उम्मीदवार

पटना
बिहार सरकार में पशुपालन विभाग के मंत्री और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को एनडीए की तरफ से विधान परिषद का उम्मीदवार बनाया गया है. वह विधान परिषद के छोटे कार्यकाल को लेकर भाजपा से नाराज बताए जा रहे थे. वह जिस सीट से विधान परिषद भेजे जा रहे हैं उसका कार्यकाल छोटा है और वह 6 साल वाली सीट से जाना चाहते थे.

लेकिन अमित शाह का फोन आते ही उनके तेवर ढीले पड़ गए. उन्होंने अब अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट लिखकर गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया है. भाजपा ने इससे पहले बीजेपी के शाहनवाज हुसैन को भी विधान परिषद का सदस्य बनाए जाने के लिए उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है. सहनी सोमवार को इसके लिए नामांकन दाखिल करेंगे.

मुकेश सहनी ने फेसबुक पर अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के भरोसे के लिए धन्यवाद. उन्होंने अभी फ़ोन पर मुझे विधान परिषद के उप निर्वाचन के लिए NDA प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना दी है. मुकेश सहनी ने आगे लिखा है कि मुझे इस योग्य समझने के लिए माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं एनडीए के सभी नेताओं को कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं. आज हम नामांकन करेंगे.

भाजपा कोटे की खाली हुई दो सीटों में से एक पर पार्टी ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की थी. शाहनवाज का कार्यकाल पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से खाली हुई सीट के अनुसार छह मई, 2024 तक का होगा. शाहनवाज ने बताया कि सोमवार को वह विधान परिषद सीट के लिए नामांकन करेंगे. विधान परिषद का उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही शाहनवाज के सरकार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है. पार्टी नेताओं के अनुसार उन्हें महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेवारी दी जा सकती है.

6 जनवरी को निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद उपचुनाव की घोषणा कर दी थी. 11 जनवरी को अधिसूचना जारी कर दी गई. वहीं नामांकन दाखिल करने के लिए 18 जनवरी तक का समय है. 28 जनवरी को सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे.

 

#पशुपालन विभाग

Source : Agency

पाठको की राय